
Sarguja: शिक्षा के मंदिर में शर्मनाक घटना, बसंत पंचमी पर नशे में धुत टीचर पहुंचा सरस्वती पूजा में, वीडियो हुआ वायरल
अंबिकापुर, 24 जनवरी। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में बसंत पंचमी के दिन सरस्वती पूजा के दौरान एक शिक्षक की शर्मनाक हरकत सामने आई है। शराब के नशे में धुत शिक्षक स्कूल पहुंचा और पूजा के दौरान बहकी-बहकी बातें करते हुए नारियल चढ़ाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है।
नशे की हालत में की पूजा में हिस्सेदारी
घटना सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के गुमगरा के जूनापारा प्राइमरी स्कूल की है। यहां तैनात शिक्षक बुद्धेश्वर दास शुक्रवार को सरस्वती पूजन के दौरान नशे की हालत में स्कूल पहुंचे। पूजा में शामिल अभिभावकों और ग्रामीणों ने उन्हें हाथ जोड़कर पूजा करते देखा। शिक्षक ने कहा, “आज सरस्वती पूजा है, इसलिए हमने भगवान को दूसरा प्रसाद चढ़ा दिया है।” जब ग्रामीणों ने पूछा कि क्या-क्या पीकर आए हो, तो उन्होंने इनकार करते हुए कहा, “कुछ नहीं, स्कूल में मध्यान्ह भोजन में दाल-भात खाया है।”

वीडियो में इनकार से लेकर बहाने तक
वीडियो में शिक्षक से नाम पूछने पर उन्होंने कहा, “क्यों नाम बताऊंगा, नहीं बताऊंगा।” पहले उन्होंने मैनपाट के पहाड़गांव में पोस्टेड होने का दावा किया, फिर गुमगरा खुर्द बताया। संकुल प्रभारी विनोद गुप्ता का नाम लेते हुए भी उन्होंने फोन करने से मना कर दिया। नशे में उनकी ये हरकतें देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है।
ग्राम सभा ने पारित किया हटाने का प्रस्ताव
ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि बुद्धेश्वर दास आदतन शराबी हैं और नियमित रूप से नशे में स्कूल आते हैं। कई बार समझाने-बुझाने के बाद भी उनकी आदत में सुधार नहीं हुआ। इस घटना के बाद सरपंच रुपमनिया मरावी, पंचायत प्रतिनिधि गुड्डू सिंह सहित ग्रामीण स्कूल पहुंचे। ग्राम सभा बुलाकर उन्होंने शिक्षक को स्कूल से हटाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



