
Raigarh में पुलिसकर्मी की अवैध वसूली का मामला: प्रधान आरक्षक लोमस राजपूत निलंबित
रायगढ़। सिटी कोतवाली में तैनात प्रधान आरक्षक लोमस राजपूत का एक लेन-देन से जुड़ा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) दिव्यांग पटेल ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह मामला राजश्री गुटखा से जुड़ी कथित चोरी के आरोप में एक छोटे होटल संचालक से अवैध वसूली का है, जिसने पुलिस की छवि को गहरा झटका पहुंचाया है।
गुटखा खरीदने पर थाने में बुलाकर धमकी
जानकारी के अनुसार, कोतरा रोड क्षेत्र का एक व्यवसायी छोटी-मोटी टपरी होटल चलाता है। उसने दो अन्य व्यवसायियों के साथ मिलकर एक फेरीवाले से 100 पैकेट राजश्री गुटखा खरीदा था। इसके बाद सिटी कोतवाली के प्रधान आरक्षक लोमस राजपूत ने तीनों को थाने बुलाया। उन पर चोरी का गुटखा खरीदने का आरोप लगाते हुए केस में फंसाने की धमकी दी गई। आरोप है कि मामले से बचाने के नाम पर आरक्षक ने कुल 50 हजार रुपये की मांग की।

पीड़ित व्यवसायी ने दबाव में आकर 20 हजार रुपये नकद दे दिए, लेकिन इसके बाद भी आरक्षक ने शेष राशि के लिए दबाव बनाना जारी रखा और आगे 5 हजार रुपये और मांगने लगा। परेशान होकर पीड़ित ने पूरे मामले की लिखित शिकायत बिलासपुर आईजी को दी, जिसके बाद जांच शुरू हुई और बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया। जांच में दोष सिद्ध होने पर एसपी ने तुरंत निलंबन की कार्रवाई की।
वायरल ऑडियो में हुई बातचीत
वायरल ऑडियो में होटल संचालक और आरक्षक के बीच हुई बातचीत इस प्रकार सुनाई दे रही है:
- होटल संचालक: 20 का व्यवस्था है भैया, बहुत मुश्किल से व्यवस्था कर पाया हूं।
- आरक्षक: तीनों को मिलाकर 30 लेके आओ, 30 लेके आ न भाई, ठीक है ना।
- होटल संचालक: नहीं हो पा रहा है भैया।
- आरक्षक: तुम उससे 20 लो, 10 तुम दो।
- होटल संचालक: पहली बार गलती हुई है भैया, माफ कर दो ना, मांग-मांग कर दे रहा हूं।
- आरक्षक: तुम यार पटेल। एक काम करो, उसमें पांच और करवा दो। 25 करवा दो।
- होटल संचालक: और कहां हो पाएगा भैया।
- आरक्षक: हम अपने लिए नहीं मांग रहे भाई।
विभागीय जांच जारी
एसपी दिव्यांग पटेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरक्षक को निलंबित किया है। विभागीय जांच चल रही है और दोषी पाए जाने पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि कानून के दायरे में रहकर ही कार्यवाही की जाती है और किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



