
जज को आंखें न दिखाएं’… HC के वकील पर भड़के CJI सूर्यकांत, जानिए क्या है पूरा मामला
नई दिल्ली/रांची | झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति राजेश कुमार के साथ खुली अदालत में तीखी बहस करने वाले अधिवक्ता महेश तिवारी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार (23 जनवरी 2026) को हुई सुनवाई के दौरान देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमालिया बागची की पीठ ने वकील के आचरण पर कड़ी नाराजगी जताई। कोर्ट ने उनके खिलाफ जारी ‘आपराधिक अवमानना’ नोटिस को रद्द करने से इनकार करते हुए उन्हें हाईकोर्ट में ही बिना शर्त माफी मांगने का निर्देश दिया है।
क्या था पूरा विवाद?
यह मामला पिछले साल 16 अक्टूबर 2025 का है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।एक विधवा महिला के बिजली कनेक्शन से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान अधिवक्ता महेश तिवारी और जज राजेश कुमार के बीच बहस शुरू हुई। बहस के दौरान महेश तिवारी ने जज की ओर इशारा करते हुए कहा था, “मैं अपने तरीके से बहस कर सकता हूं, आपके तरीके से नहीं… कृपया सीमा न लांघें।”
इस घटना के बाद झारखंड हाईकोर्ट की पांच जजों की विशेष पीठ ने अधिवक्ता के खिलाफ स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लेते हुए ‘आपराधिक अवमानना’ का नोटिस जारी किया था।

सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणियां: “क्या बिगाड़ लिया मेरा”
जब वकील ने हाईकोर्ट के नोटिस के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, तो बेंच ने तीखी टिप्पणी की और कहा कि “याचिकाकर्ता सिर्फ यह चाहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट से ऐसा आदेश मिल जाए जिससे वे कह सकें— ‘क्या बिगाड़ लिया मेरा’ (तुम मेरे खिलाफ कुछ नहीं कर सके)। जजों को आंखें मत दिखाइए। अगर गलती का एहसास है, तो वहीं जाकर बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।”
कोर्ट ने और क्या कहा?
* पीठ ने कहा कि वकील का व्यवहार ‘अड़ियल’ (Obstinate) रहा है। उन्हें हाईकोर्ट की 5 जजों की बेंच के सामने पेश होकर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने यह भी जोड़ा कि यदि अधिवक्ता बिना शर्त माफीनामा (Affidavit) दाखिल करते हैं, तो हाईकोर्ट उनकी माफी पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करे।
कोर्ट रूम डेकोरम पर चिंता
सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जॉयमालिया बागची ने भी चिंता जताते हुए कहा कि आजकल अदालतों में जजों के साथ विवाद करना कुछ लोगों के लिए ‘पेशेवर गौरव’ (Professional Pride) का विषय बनता जा रहा है, जो न्यायपालिका की गरिमा के लिए ठीक नहीं है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



