
रायपुर T20 मैच से पहले ‘सूर्या सेना’ की जंगल सफारी, बार नवापारा में वन्य जीवन का टीम इंडिया के सितारों ने किया दीदार
रायपुर | छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टी20 मुकाबले से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी रिलैक्स मूड में नजर आए। भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव अपने साथियों के साथ रायपुर से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित बार नवापारा वन्यजीव अभयारण्य (Barnawapara Wildlife Sanctuary) पहुंचे। खिलाड़ियों ने यहाँ न केवल जंगल सफारी का लुत्फ उठाया, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जैव-विविधता और प्राकृतिक सुंदरता को भी करीब से महसूस किया।
मैदान पर छक्के, जंगल में वन्यजीवों का दीदार
मैदान पर चौके-छक्कों की बारिश करने वाले संजू सैमसन, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह और कुलदीप यादव कप्तान सूर्या के साथ खुली जिप्सी में जंगल की सैर करते दिखे। वन मंत्री केदार कश्यप ने इन खिलाड़ियों के भ्रमण की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उनकी सराहना की।

आज रायपुर में भिड़ेंगे भारत और न्यूजीलैंड
प्रकृति के बीच समय बिताने के बाद टीम इंडिया अब पूरी तरह से मैदान पर वापसी के लिए तैयार है। भारत बनाम न्यूजीलैंड, का यह दूसरा टी20 मैच है जो कि शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में खेला जाएगा
बता दें कि भारत ने नागपुर में खेले गए पहले मैच में 48 रनों की जीत के साथ 1-0 की बढ़त बना रखी है। आज रायपुर में जीत के साथ सूर्या की टीम सीरीज पर कब्जा करने के इरादे से उतरेगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें
जैसे ही खिलाड़ियों की जंगल सफारी की तस्वीरें सामने आईं, प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा गया। रिंकू सिंह और संजू सैमसन की तस्वीरों को क्रिकेट प्रेमियों ने छत्तीसगढ़ पर्यटन के लिए एक बेहतरीन ‘प्रमोशन’ करार दिया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



