March 2, 2026
Durg: श्रेया अस्पताल के डॉक्टरों की लापरवाही से मरीज की मौत, दो गिरफ्तार

Durg: श्रेया अस्पताल के डॉक्टरों की लापरवाही से मरीज की मौत, दो गिरफ्तार

Jan 23, 2026

दुर्ग। दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में डॉक्टरों की कथित लापरवाही से एक महिला मरीज की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रेया अस्पताल के प्रबंधक और संबंधित डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) और 3(5) के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इलाज में लापरवाही से गई मरीज की जान
यह मामला 10 अक्टूबर 2025 की रात का है, जब धमधा निवासी पद्माबाई वर्मा अपने घर के आंगन में गिर गई थीं। गिरने से उनके पैर में गंभीर चोट आई, जिससे वे चलने-फिरने में असमर्थ हो गईं। परिजनों द्वारा 11 अक्टूबर को उन्हें इलाज के लिए श्रेया अस्पताल एंड डायग्नोस्टिक सेंटर, धमधा में भर्ती कराया गया।

ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत
अस्पताल में 13 अक्टूबर को पद्माबाई के पैर का ऑपरेशन किया गया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। 14 अक्टूबर को सांस तेज चलने और तबीयत गंभीर होने पर अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें हायर सेंटर रेफर करने का निर्णय लिया।

रेफर के दौरान नहीं थी समुचित व्यवस्था
परिजनों के अनुसार, मरीज को बिना उनकी सहमति के रेफर किया गया। रेफर करते समय एम्बुलेंस में न तो डॉक्टर मौजूद था और न ही आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख की समुचित व्यवस्था थी। श्रेया अस्पताल के स्टाफ और एम्बुलेंस के माध्यम से पद्माबाई को शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में लापरवाही साबित
घटना के बाद मृतका के बेटे चिरज वर्मा ने धमधा थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच की, जिसमें अस्पताल प्रबंधन और संबंधित डॉक्टर की उपेक्षापूर्ण एवं लापरवाहीपूर्ण चिकित्सकीय कार्यप्रणाली सामने आई। जांच में पाया गया कि उचित देखरेख के अभाव में मरीज की मृत्यु हुई।

अस्पताल प्रबंधक और डॉक्टर गिरफ्तार
पुलिस ने थाना धमधा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर श्रेया अस्पताल धमधा के प्रबंधक मनीष राजपूत (निवासी ग्राम भरनी, जिला दुर्ग) और डॉक्टर डॉ. अभिषेक पांडेय (निवासी मॉडल टाउन, स्मृति नगर चौकी, थाना सुपेला, भिलाई) को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

 

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix