
Raigarh: खेत में करंटयुक्त तार से किसान की मौत का मामला
गैर इरादतन हत्या में लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी जेल भेजे गए
लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हार में खेत में करंटयुक्त तार लगाने से किसान की मौत के मामले में लैलूंगा पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के गंभीर अपराध में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश के बाद की गई।
जंगली सुअर फंसाने के लिए लगाया था करंट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर 2025 को ग्राम खम्हार निवासी किसान लालकुमार साहू (37 वर्ष) अपने खेत मुड़बहला में धान की फसल की रखवाली के लिए रात करीब 8 बजे गए थे। इस दौरान खेत में जंगली सुअर फंसाने के उद्देश्य से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जीआई तार से बिजली कनेक्शन जोड़कर बांस की फाली में तार बांधा गया था। अंधेरे में लालकुमार साहू उसी करंटयुक्त तार की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

मर्ग कायम कर शुरू हुई जांच
घटना के बाद आलोक कुमार द्वारा थाना लैलूंगा में मर्ग इंटिमेशन दर्ज कराया गया। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 137/2025 धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 281/2025 धारा 105 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत विवेचना शुरू की।
पूछताछ में हुआ खुलासा, षड्यंत्र की पुष्टि
जांच के दौरान गवाहों के कथन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही जोसेफ मिंज और सोनू एक्का को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने घटना के समय खेत में बिजली कनेक्शन लगाने की बात स्वीकार की। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। मामले में पूर्व नियोजित आपराधिक षड्यंत्र पाए जाने पर धारा 61(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।
फरार चार आरोपी भी गिरफ्तार
घटना के बाद फरार अन्य आरोपियों की तलाश में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद 22 जनवरी 2026 को शेष चार आरोपी—सत्यप्रकाश एक्का (29), जशवंत मिंज (43), शशीलाल एक्का (45) और करन चौहान (27), सभी निवासी ग्राम खम्हार—को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



