
BJP के पूर्व मंडल अध्यक्ष के घर प्रशासन का छापा, 400 बोरी अवैध धान जब्त
अंबिकापुर | छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अवैध धान भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बड़ी और साहसिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। सीतापुर क्षेत्र में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष और अधिवक्ता सुनील गुप्ता के निवास पर छापेमारी कर प्रशासन ने 400 बोरी से अधिक अवैध धान जब्त किया है। जब्त धान की बाजार कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
ट्रक से हो रहा था ‘सीक्रेट’ भंडारण
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को पुख्ता सूचना मिली थी कि बीती रात एक ट्रक के जरिए सुनील गुप्ता के घर पर भारी मात्रा में धान का अवैध भंडारण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान घर में भारी मात्रा में धान की बोरियां मिलीं, जिसका कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका।

सत्ता की हनक: टीम को दी ‘देख लेने’ की धमकी
कार्रवाई के दौरान माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब भाजपा नेता सुनील गुप्ता ने कथित तौर पर प्रशासनिक टीम के काम में बाधा डालने की कोशिश की। आरोप है कि उन्होंने अधिकारियों को “देख लेने” की धमकी भी दी। हालांकि, प्रशासन ने किसी भी दबाव में आए बिना अपनी कार्रवाई जारी रखी और पूरे अवैध धान को कुर्क कर लिया।
विधायक के करीबी होने की चर्चा
इलाके में सुनील गुप्ता की पहचान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के करीबी के रूप में होती है। सत्ताधारी दल से जुड़े नेता पर इस तरह की सख्त कार्रवाई ने जिले में हड़कंप मचा दिया है। प्रशासन की इस निष्पक्ष कार्रवाई की लोग तारीफ कर रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि धान खरीदी सत्र के दौरान किसी भी प्रकार का अवैध भंडारण या कोचियागिरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, चाहे रसूखदार व्यक्ति ही क्यों न हो।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



