
नशे में धुत युवतियों का उत्पात, सोसाइटी अध्यक्ष पर चाकू से हमला
रायपुर में हंगामा: गैलेक्सी आईलैंड सोसाइटी में तोड़फोड़ और हिंसा
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पॉश इलाके गैलेक्सी आईलैंड सोसाइटी में रविवार दो नशे में धुत युवतियों ने जमकर हंगामा मचाया। आरोपी युवतियों, किरण सिंह राजपूत और रेशमा किरण, ने न केवल सोसाइटी परिसर में तोड़फोड़ की, बल्कि सोसाइटी अध्यक्ष राजेश सिंह पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान गाड़ियों और घरों के शीशों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
नशे में बहस ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवतियां अक्सर सोसाइटी परिसर में कुछ युवकों के साथ नशा करती थीं। घटना वाली दिन भी वे शराब के नशे में थीं। किसी बात को लेकर शुरू हुई बहस इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया। सोसाइटी अध्यक्ष राजेश सिंह ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन युवतियों ने उनके साथ अभद्र भाषा का उपयोग किया और फिर उन पर हमला कर दिया।
सोसाइटी अध्यक्ष पर हमला, पुलिस ने लिया एक्शन
विवाद के दौरान युवतियों ने राजेश सिंह के सिर पर प्रहार किया और उनके चेहरे पर चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल राजेश सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही आज़ाद चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवतियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
यह घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवतियां नियमित रूप से सोसाइटी में नशा करती थीं, जिससे पहले भी विवाद की स्थिति बनी थी। इस मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना स्थानीय निवासियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है, और लोग सोसाइटी में बढ़ती गुंडागर्दी पर चिंता जता रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



