
आबकारी विभाग में ‘खेला’! 85 सब-इंस्पेक्टर्स की नियुक्ति 24 घंटे में रद्द
रायपुर | छत्तीसगढ़ के आबकारी विभाग (Excise Department) में भर्ती को लेकर एक चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया है। विभाग ने 85 नव-नियुक्त आबकारी उप निरीक्षकों (Sub-Inspectors) की नियुक्ति के आदेश को जारी होने के मात्र 24 घंटे के भीतर निरस्त कर दिया है। बुधवार, 21 जनवरी को खुशियां मना रहे अभ्यर्थियों के लिए गुरुवार की सुबह एक बड़ा झटका लेकर आई, जब आबकारी आयुक्त कार्यालय ने निरस्तीकरण का आधिकारिक पत्र जारी किया।
तकनीकी पेंच या कुछ और?
आबकारी आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी आदेश में इस अचानक लिए गए फैसले के पीछे ‘तकनीकी कारणों’ का हवाला दिया गया है। हालांकि, विभाग ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वे ‘तकनीकी कारण’ क्या हैं, जिसकी वजह से रातों-रात इतनी बड़ी भर्ती प्रक्रिया को रोकना पड़ा।

CGPSC-2024 परीक्षा से हुआ था चयन
बता दें कि ये सभी 85 अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा-2024 के माध्यम से चयनित हुए थे। नए साल की शुरुआत में ही इन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और शारीरिक मापदंड की प्रक्रिया पूरी की गई थी। नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद कई अभ्यर्थी ज्वाइनिंग की तैयारी में थे, लेकिन अब उनका भविष्य अधर में लटक गया है।
चयनित अभ्यर्थियों में भारी निराशा
नियुक्ति आदेश रद्द होने की खबर मिलते ही चयनित अभ्यर्थियों में असमंजस और आक्रोश का माहौल है ।अभ्यर्थियों का कहना है कि अगर कोई तकनीकी त्रुटि थी, तो आदेश जारी करने से पहले उसकी जांच क्यों नहीं की गई?अब यह साफ नहीं है कि यह नियुक्ति प्रक्रिया दोबारा कब शुरू होगी या इसमें कोई संशोधन किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



