
Durg : पूजा-पाठ के नाम पर लाखों की ठगी
दुर्ग जिले में पूजा-पाठ और देवी साधना के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। ठगों ने बीमार मां के इलाज का झांसा देकर एक साइकिल व्यापारी से सोने के जेवर और लाखों रुपए नकद ऐंठ लिए और फिर फरार हो गए।

पीड़ित की पहचान और दुकान का विवरण
पीड़ित सदानी नगर सिंधी कॉलोनी, स्टेशन रोड दुर्ग का निवासी है और धमधा नाका दुर्ग में संजय साइकिल स्टोर्स के नाम से दुकान संचालित करता है। करीब 15 दिन पहले दो लोग उसकी दुकान पर साइकिल देखने के बहाने पहुंचे थे।
मोबाइल नंबर लेकर रचा गया ठगी का जाल
सामान्य बातचीत के दौरान आरोपियों ने पीड़ित का मोबाइल नंबर लिया और खुद को राजू बताकर संपर्क में बने रहे। बाद में फोन पर बात करते हुए आरोपी ने पीड़ित को मानसिक रूप से डराना शुरू किया और उसकी मां की बीमारी को किसी “ऊपरी बाधा” का असर बताया।
पूजा-पाठ से इलाज का झांसा
आरोपी ने दावा किया कि वह पूजा-पाठ और देवी साधना से पीड़ित की मां को पूरी तरह ठीक कर सकता है, लेकिन इसके लिए खर्च करना पड़ेगा। लगातार फोन कॉल कर आरोपियों ने पीड़ित का भरोसा जीत लिया।
पहली मुलाकात और चढ़ावे की मांग
16 जनवरी 2026 को आरोपी राजू ने पीड़ित को पावर हाउस फल मार्केट के पास बुलाया। वहां उसके साथ एक महिला भी मौजूद थी। दोनों ने देवी मां के चढ़ावे के नाम पर एक नारियल और 1100 रुपए लिए और विधिवत पूजा कराने की बात कही।
सोने के जेवर और नकद लेकर हुए फरार
20 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2.30 बजे आरोपियों ने पीड़ित को रेलवे स्टेशन पावर हाउस, भिलाई के पास बुलाया। पीड़ित अपनी कार CG07 BS 0514 से वहां पहुंचा। आरोपियों के कहने पर उसने मां के चार सोने के कंगन (कुल 60 ग्राम, कीमत करीब 5 लाख रुपए) और 8 लाख 82 हजार 300 रुपए नकद सौंप दिए। आरोपियों ने शाम को घर आकर पूजा करने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।
फोन बंद, तब हुआ ठगी का अहसास
जब आरोपी न तो घर पहुंचे और न ही फोन पर संपर्क में आए, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। मोबाइल नंबर बंद मिलने पर उसने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों को सामने आने पर वह पहचान सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामला दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र का है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



