
Bhilai : ट्रांजैक्शन शुल्क को लेकर विवाद, दुकानदार से मारपीट
थाना उतई क्षेत्र के ग्राम उमरपोटी में डिजिटल लेन-देन पर लिए गए 10 रुपये ट्रांजैक्शन शुल्क को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि किराना व कंप्यूटर वर्क (आधार सेवा) संचालक के साथ मारपीट की गई।
10 रुपये शुल्क पर भड़के आरोपी
पीड़ित गिरधर लाल साहू के अनुसार 20 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे देव लाल टंडन का बेटा अपने छोटे भाई के साथ दुकान पर आया। बारकोड से 200 रुपये का डिजिटल ट्रांजैक्शन कराया गया, जिस पर नियमानुसार 10 रुपये शुल्क की जानकारी देने पर आरोपी नाराज हो गए और गाली-गलौज शुरू कर दी।
कड़े से सिर पर हमला, जान से मारने की धमकी
विवाद के दौरान एक आरोपी काउंटर पर चढ़ गया और हाथ में पहने कड़े से पीछे की ओर सिर पर वार किया, जिससे दुकानदार के सिर से खून बहने लगा। वहीं बाहर खड़ा उसका साथी पत्थर उठाकर जान से मारने की धमकी देता रहा। बाद में दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में इलाज, थाने में रिपोर्ट
घटना के बाद पीड़ित ने अस्पताल उतई में इलाज कराया और परिजनों से सलाह के बाद थाना उतई पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में छन्नू निषाद और श्याम रतन गजपाल को प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है।
इन धाराओं में केस दर्ज
थाना उतई पुलिस ने आवेदन के आधार पर बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



