
Durg: व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए चल रहा था जुआ-सट्टा का धंधा, पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस की सख्त कार्रवाई, 23 हजार रुपये नगद और 7 मोबाइल जब्त
दुर्ग जिले में पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मोबाइल व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर जुआ-सट्टा खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन और जुआ-सट्टे से जुड़ी 23 हजार रुपये की नगद राशि बरामद की है। सभी आरोपियों को छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पहला मामला: सिविक सेंटर भिलाई में दबिश, दो गिरफ्तार
20 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना भिलाई नगर क्षेत्र के अंतर्गत सिविक सेंटर भिलाई में मुन्ना जूस कार्नर के पास कुछ लोग मोबाइल व्हाट्सऐप के माध्यम से जुआ-सट्टा खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और संदिग्ध नरेश देवांगन को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन और 3,000 रुपये नगद सट्टा राशि बरामद हुई।

मौके पर मौजूद चिण्टू कुमार के पास से भी एक मोबाइल फोन और 5,000 रुपये नगद सट्टा राशि मिली। इस तरह कुल 8,000 रुपये नगद और 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए। थाना भिलाई नगर में अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
दूसरा मामला: सेक्टर-06 सी मार्केट में छापेमारी, पांच गिरफ्तार
इसी तरह दूसरी कार्रवाई में सेक्टर-06 सी मार्केट भिलाई में जुआ-सट्टा खिलाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। यहां से कृष्णा जी प्रसाद उर्फ गोलू, भीष्म कुमार देवांगन, दीपक कुमार, गिरधर रेड्डी और संजय सेनापति को मौके से पकड़ा गया। इनके कब्जे से 5 मोबाइल फोन, 15,000 रुपये नगद और सट्टा नंबर लिखी हुई कॉपी बरामद की गई।
इस मामले में भी थाना भिलाई नगर में अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को धारा 6 व 7 के तहत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पता
- नरेश देवांगन (44 वर्ष), सेक्टर-06 भिलाई
- चिण्टू कुमार (37 वर्ष), रिसाली नेवई
- कृष्णा जी प्रसाद उर्फ गोलू (56 वर्ष), सेक्टर-04 भिलाई
- भीष्म कुमार देवांगन (48 वर्ष), सेक्टर-07 भिलाई
- दीपक कुमार, शंकर नगर दुर्ग
- गिरधर रेड्डी, सेक्टर-10 भिलाई
- संजय सेनापति, शांति नगर सुपेला
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



