February 1, 2026
Korba : ड्यूटी के दौरान मजदूर की मौत

Korba : ड्यूटी के दौरान मजदूर की मौत

Jan 22, 2026

कोरबा। जिले के कुसमुंडा खदान में ड्यूटी के दौरान एक मजदूर की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और सहकर्मियों ने ठेका कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जीएम कार्यालय के मुख्य द्वार पर शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को मुआवजा और आश्रित को नौकरी देने की मांग की।


रात की पाली में बिगड़ी तबीयत

मृतक की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के कटरा बुड़गहन निवासी कांशी दास महंत (34) के रूप में हुई है। वह कुसमुंडा थाना क्षेत्र के नरईबोध में पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। बुधवार को कांशी दास महंत रात की पाली में ड्यूटी पर था। सुबह घर लौटने से पहले ही कार्यस्थल पर उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।


डिस्पेंसरी ले जाने के बाद हुई मौत

सहकर्मियों ने तत्काल उसे विकासनगर स्थित एसईसीएल डिस्पेंसरी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


कोऑर्डिनेटर पर जवाब न देने का आरोप

घटना के बाद परिजन और सहकर्मी ठेका कंपनी के कोऑर्डिनेटर से संपर्क करने पहुंचे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से वे आक्रोशित हो गए। इसके बाद ग्रामीणों और सहकर्मियों ने मृतक का शव लेकर जीएम कार्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।


ठेका कंपनी के तहत करता था काम

बताया गया कि कोयला मंत्रालय की ओर से कोल सैंपलिंग का कार्य QCPL नामक कंपनी को एसईसीएल की खदानों में ठेके पर दिया गया है। कांशी दास महंत रवि एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड (RPL) नामक ठेका कंपनी के माध्यम से कोल सैंपलिंग का काम करता था।


मुआवजा और नौकरी की मांग पर अड़े परिजन

परिजनों का कहना है कि जब तक मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और आश्रित को नौकरी देने का लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी स्थिति को संभालने में जुटे रहे।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix