
Durg : धार्मिक कथा के दौरान पांडाल के पास पैरावट में लगी आग, दमकल की 4 गाड़ियों ने टाला बड़ा हादसा
दुर्ग | दुर्ग जिले के बोरी थाना अंतर्गत ग्राम दनिया में चल रही धार्मिक कथा के दौरान बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। कथा स्थल के ठीक समीप रखे धान के पैरावट (पैरा के ढेर) में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते लपटें कथा पंडाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच गईं, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
पंडाल तक पहुंची लपटें
जानकारी के मुताबिक, ग्राम दनिया में धार्मिक आयोजन के कारण भारी संख्या में लोग जुटे हुए थे। कथा स्थल के पास ही भारी मात्रा में धान का पैरा रखा हुआ था, जिसमें अचानक आग सुलग उठी। हवा के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया और पंडाल के ऊपरी हिस्से को चपेट में लेना शुरू कर दिया। धुएं का गुबार और आग की लपटें देखकर कथा सुन रहे लोगों में भगदड़ मच गई।

दमकल की तत्परता, 4 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक के बाद एक 4 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पहले आग को पंडाल की ओर बढ़ने से रोका और फिर पैरावट की आग पर पूरी तरह काबू पाया।
कोई जनहानि नहीं
राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दमकल टीम की सक्रियता से पंडाल को खाक होने से बचा लिया गया। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी जलती हुई चिंगारी की वजह से यह हादसा हुआ होगा। बोरी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



