
धान खरीदी केंद्र में बड़ा घोटाला: प्रति बोरी मिट्टी-कंकड़ मिलाकर वजन बढ़ाने का खेल उजागर
सक्ती (जांजगीर-चांपा)। जिले के डभरा ब्लॉक स्थित पुटीडीह धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि किसानों से खरीदे गए धान में वजन बढ़ाने के लिए मिट्टी और कंकड़ मिलाए जा रहे थे।

रात के निरीक्षण में पकड़ी गई गड़बड़ी
19–20 जनवरी की दरम्यानी रात धान खरीदी व्यवस्था में सुधार के उद्देश्य से जिला स्तरीय जांच टीम ने पुटीडीह धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

प्रति बोरी 5 से 10 किलो तक मिलाई जा रही थी मिट्टी
जांच टीम ने पाया कि खरीदी प्रभारी प्रकाश महंत द्वारा किसानों से खरीदे गए धान में प्रति बोरी 5 से 10 किलो तक मिट्टी और कंकड़ मिलाकर वजन पूरा करने का प्रयास किया जा रहा था। यह किसानों के साथ खुला धोखाधड़ी का मामला बताया जा रहा है।

8000 बोरी धान गायब, पंचनामा तैयार
भौतिक सत्यापन के दौरान ऑनलाइन खरीदी के आंकड़ों से तुलना करने पर लगभग 8000 बोरी धान की कमी पाई गई। इस गंभीर अनियमितता का भी मौके पर पंचनामा तैयार किया गया है और संबंधित दस्तावेजों को जब्त किया गया।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
मामले की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, एसडीएम विनय कश्यप, तहसीलदार मनमोहन ठाकुर, जिला खाद्य विभाग की टीम और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे केंद्र का गहन निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कदम उठाने की चेतावनी दी गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



