
Jagdalpur: NH-30 पर तेज रफ्तार मारुति कार ने भालू को मारी टक्कर, मौके पर ही हुई मौत
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-30 पर पुराने टोल प्लाजा के पास मेटावाड़ा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक भालू की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार अज्ञात मारुति वाहन ने भालू को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
तेज रफ्तार वाहन ने दी भालू को टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजमार्ग पर अचानक सामने आया भालू तेज रफ्तार मारुति कार के सामने आ गया। कार चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भालू सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोटिल हो गया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

वन विभाग की टीम पहुंची मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। वन विभाग के एसडीओ देव लाल दुग्गा ने बताया कि दुर्घटना के बाद मौके पर वाहन के कई टूटे हुए हिस्से बिखरे मिले हैं, जो टक्कर की पुष्टि करते हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन की पहचान की जा सके और चालक के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।
भालू के शव का होगा पोस्टमार्टम
वन विभाग के अनुसार, भालू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद शव का विधिवत शवदाह किया जाएगा। इस घटना से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं, खासकर राजमार्गों के आसपास जंगली जानवरों के आने-जाने के मद्देनजर।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



