
Durg : चूहों की बारात बनाकर कांग्रेस का अनोखा विरोध प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ में सरकारी गोदामों से धान गायब होने के मामले को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को दुर्ग में अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने “चूहों की बारात” निकालकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन में चूहे को दूल्हा बनाया गया और कांग्रेस कार्यकर्ता बाराती बने।

राजीव भवन से कलेक्ट्रेट तक निकली बारात
कांग्रेस की यह प्रतीकात्मक बारात राजीव भवन (कांग्रेस कार्यालय) से शुरू होकर जिला कलेक्टर कार्यालय तक निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की थाप और बाराती गीतों के बीच कार्यकर्ता नाचते-गाते नजर आए। पूरे रास्ते सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई, जिससे इलाके में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया।
जिंदा चूहों के साथ किया गया प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिंदा चूहों को जाली में कैद कर रखा था। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और प्रतीकात्मक रूप से जिंदा चूहे भी प्रशासन को सौंपे।

“सरकार चूहों पर डाल रही घोटाले की जिम्मेदारी”
दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि सरकार धान घोटाले से ध्यान भटकाने के लिए चूहों को जिम्मेदार ठहरा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कवर्धा जिले में करीब 7 करोड़ रुपये और महासमुंद जिले में लगभग 5 करोड़ रुपये का धान गायब हुआ है, जो किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है।
सुरक्षा और जिम्मेदार अधिकारियों पर उठे सवाल
कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि अगर सच में चूहों ने धान खा लिया, तो गोदामों की सुरक्षा, निगरानी और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका क्या थी। उन्होंने कहा कि धान ठिकाने लगाने वाले लोग खुलेआम घूम रहे हैं और सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है।

बड़े नेताओं की रही मौजूदगी
इस प्रदर्शन में दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, पूर्व विधायक अरुण वोरा, कांग्रेस नेता राजेंद्र साहू सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग
कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पार्टी का कहना है कि जब तक स्वतंत्र एजेंसी से जांच नहीं होगी, तब तक सच्चाई सामने नहीं आएगी। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार मामले को दबाने की कोशिश करती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



