
कोरबा में पुलिस पर कड़ी कार्रवाई: महिला से छेड़छाड़ और गैंगरेप मामले में लापरवाही
कोरबा। जिले में महिलाओं से जुड़े गंभीर मामलों में लापरवाही और अनुचित आचरण को लेकर पुलिस अधीक्षक द्वारा सख्त कदम उठाए गए हैं। दो अलग-अलग मामलों में एक सब इंस्पेक्टर समेत दो आरक्षकों को निलंबित किया गया है।

महिला से छेड़छाड़ के आरोप में SI निलंबित
कटघोरा थाना क्षेत्र में एक महिला ने सब इंस्पेक्टर के खिलाफ अशोभनीय व्यवहार और छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने प्राथमिक जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। इसके बाद संबंधित सब इंस्पेक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे तत्काल निलंबित कर दिया गया। एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
गैंगरेप मामले में लापरवाही, दो आरक्षक निलंबित
दूसरा मामला बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवती के साथ गैंगरेप की घटना हुई थी। आरोप है कि जब पीड़िता शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची, तो वहां पदस्थ आरक्षक राकेश मेहता और राजेंद्र राय ने गंभीर लापरवाही बरती।
पीड़िता को न्याय न मिलने पर उसने सीधे कोरबा एसपी कार्यालय में शिकायत की, जिसके बाद सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया गया।

अब तक दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
गैंगरेप मामले में पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। वहीं, लापरवाह पाए गए दोनों आरक्षकों को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



