
12 लाख की चोरी का इनामी मास्टरमाइंड गिरफ्तार, ATM तोड़ने से लेकर कार चोरी तक कई वारदातों में था शामिल
दुर्ग/नेवई | दुर्ग पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। थाना नेवई पुलिस ने कई महीनों से फरार चल रहे एक शातिर और आदतन अपराधी को दबोच लिया है। पकड़ा गया आरोपी ठामेश्वर साहू उर्फ रवि न केवल नेवई, बल्कि भिलाई नगर, पदमनाभपुर और बालोद जिले में भी चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है।
मैत्री नगर और प्रगति नगर की चोरियों का खुलासा
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 28 दिसंबर 2025 की रात मैत्री नगर स्थित एक दुकान का शटर तोड़कर चोरी की थी। इसके अलावा, अगस्त 2025 में प्रगति नगर, रिसाली में एक मकान का ताला तोड़कर भी वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में पूर्व में एक आरोपी को पकड़ा था, लेकिन रवि तब से फरार चल रहा था।

एटीएम चोरी का प्रयास और गाड़ियों की लिफ्टिंग
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों में शामिल हैं:
- कार चोरी: थाना पदमनाभपुर क्षेत्र से एक स्विफ्ट डिजायर कार उड़ाई थी।
- बाइक चोरी: भिलाई नगर क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी।
- एटीएम कांड: जिला बालोद में एटीएम मशीन तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया था।
- कुल संपत्ति: आरोपी द्वारा अंजाम दी गई वारदातों में नगद, जेवर और वाहनों सहित करीब ₹11 से 12 लाख की संपत्ति शामिल है।
इनामी और आदतन अपराधी है रवि
गिरफ्तार आरोपी ठामेश्वर साहू उर्फ रवि (20 वर्ष), निवासी धनौरा (पदमनाभपुर), एक शातिर अपराधी है। वह पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है। पुलिस ने इसके पास से फिलहाल चोरी की नगद राशि बरामद की है, जबकि चोरी की गाड़ियां पहले ही उसके साथियों से जप्त की जा चुकी हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



