
30 करोड़ की महाठगी का पर्दाफाश: शेयर मार्केट–रियल स्टेट में 15% मुनाफे का झांसा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शेयर मार्केट और रियल स्टेट में निवेश के नाम पर की गई करीब 30 करोड़ रुपए की बड़ी ठगी का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार वैष्णव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य सहयोगी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
15% मुनाफे का लालच, बेटी की शादी के पैसे भी डूबे
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुद को शेयर मार्केट और रियल स्टेट का बड़ा कारोबारी बताकर लोगों को हर महीने 15 प्रतिशत ब्याज देने का झांसा दिया। अकलतरा थाना क्षेत्र के शिवरीनारायण निवासी महेंद्र कुमार कश्यप ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने भरोसा दिलाने के लिए इकरारनामा और 10 लाख रुपए का चेक दिया।आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने बेटी की शादी के लिए धान बेचकर जमा किए गए 10 लाख रुपए उसे सौंप दिए। कुछ समय बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया और वह फरार हो गया।

कई जिलों में फैला ठगी का जाल
जांच में सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह कौशल प्रसाद कश्यप से 10 लाख रुपए और चोरभट्टी निवासी हीरा लाल कश्यप से 5 लाख रुपए की ठगी की। पूछताछ में आरोपी ने कोरबा, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिलों में करीब 30 करोड़ रुपए की ठगी करना स्वीकार किया है।
20 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से
- दो कार (कीमत लगभग 12.50 लाख रुपए)
- आरोपी के बेटे के नाम पर एक मोटरसाइकिल सहित
कुल 20 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। अन्य अर्जित संपत्तियों, जमीन और मकान की जानकारी जुटाई जा रही है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि इस ठगी में आरोपी अकेला नहीं है। उसके अन्य सहयोगी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई में अकलतरा थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



