
Chhattisgarh के SI की Rajasthan में मौत, रोटी लेने उतरे थाना प्रभारी को ट्रक ने कुचला
भरतपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मुंगेली जिले के जरहागांव थाना प्रभारी (SI) नंदलाल पैकरा की राजस्थान में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। एक मामूली सी चूक उनकी जिंदगी की आखिरी घटना बन गई। हादसे के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
रोटी बनी हादसे की वजह
जानकारी के मुताबिक, SI नंदलाल पैकरा राजस्थान के भरतपुर जिले में अपने साथियों के साथ निजी यात्रा पर थे। इसी दौरान वे एक ढाबे पर खाना पैक कराने के लिए सड़क किनारे खड़े थे।।बताया जा रहा है कि उनके हाथ में रखी रोटी पर अचानक कुत्तों ने झपट्टा मार दिया। कुत्तों से बचने की कोशिश में वे असंतुलित हो गए और तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि थाना प्रभारी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।

SP ने की पुष्टि
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि—
> “थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा निजी यात्रा पर थे। भरतपुर पुलिस से लगातार संपर्क में हैं। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।”
कर्तव्यनिष्ठ अफसर थे SI पैकरा
नंदलाल पैकरा को पुलिस विभाग में कर्तव्यनिष्ठ, सरल स्वभाव और अनुशासित अधिकारी के रूप में जाना जाता था। वे वर्तमान में जरहागांव थाना प्रभारी के पद पर पदस्थ थे। उनकी पत्नी तखतपुर में शिक्षिका हैं। पुलिस विभाग द्वारा पार्थिव देह को छत्तीसगढ़ लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन को पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



