
Jashpur; तेज रफ्तार यात्री बस पलटी, बड़ा हादसा टला
कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई बस, 35–40 यात्री थे सवार
जशपुर जिले में माटी पहाड़ छर्रा से जशपुर जा रही एक यात्री बस भीषण हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना अकीरा से तपकरा के बीच बाघमारा के पास हुई, जहां बस पूरी तरह पलट गई और उसके सभी चक्के ऊपर हो गए। बस में करीब 35 से 40 यात्री सवार थे।

कुत्ते को बचाने में पलटी बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया। चालक ने कुत्ते को बचाने का प्रयास किया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
चीख-पुकार, घायलों को निजी वाहनों से भेजा अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन कई लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल निजी वाहनों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
108 एंबुलेंस पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि घटनास्थल से फरसाबहार की दूरी महज 10 किलोमीटर है, लेकिन 108 एंबुलेंस को मौके पर पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



