
धान घोटाले पर प्रशासन का शिकंजा, धान खरीदी केंद्र के समिति प्रबंधक पर FIR
कवर्धा। कबीरधाम जिले में धान खरीदी केंद्रों से धान गायब होने के मामलों ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। 26 हजार क्विंटल धान की कमी और करीब 7 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के बाद अब प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में कुकदूर धान खरीदी केंद्र के समिति प्रबंधक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुकदूर थाना में FIR दर्ज की गई है।
प्रशासनिक जांच में सामने आया है कि समिति प्रबंधक द्वारा करीब 15 लाख रुपये मूल्य के धान का गबन किया गया है। मामले के उजागर होते ही पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
“जहां गड़बड़ी, वहां कार्रवाई” – SP धर्मेंद्र सिंह
कबीरधाम एसपी धर्मेंद्र सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में जहां-जहां धान की कमी या गबन की शिकायत मिल रही है, वहां तत्काल जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी कोदवागोड़ान धान खरीदी केंद्र के प्रभारी पर FIR दर्ज की जा चुकी है।

‘चूहा बयान’ से सुर्खियों में आया था मामला
गौरतलब है कि धान गायब होने के मामले में एक अधिकारी के “चूहा धान खा गया” जैसे बयान के बाद यह प्रकरण पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया था। इसके बाद शासन-प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यापक जांच के निर्देश दिए।
साफ चेतावनी – बख्शा नहीं जाएगा कोई
प्रशासन ने दो टूक कहा है कि धान खरीदी में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लगातार हो रही जांच से अब धान घोटाले से जुड़े जिम्मेदारों पर शिकंजा कसता जा रहा है और आने वाले दिनों में और भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



