
सेला झील में जमी बर्फ टूटी: केरल के 3 पर्यटक डूबे, हादसे में एक की मौत
तवांग।अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में स्थित प्रसिद्ध सेला झील में घूमने पहुंचे पर्यटकों के लिए सैर मौत में बदल गई। जमी हुई झील पर चलना केरल के तीन युवकों को भारी पड़ गया। बर्फ टूटने से तीनों युवक बर्फीले पानी में डूब गए, जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि एक युवक अब भी लापता है।
13,700 फीट की ऊंचाई पर हादसा
अधिकारियों के मुताबिक, केरल से आए सात पर्यटकों का एक दल समुद्र तल से करीब 13,700 फीट की ऊंचाई पर स्थित सेला झील पहुंचा था। इसी दौरान एक पर्यटक झील के बीच जमी बर्फ पर आगे बढ़ा, तभी अचानक बर्फ टूट गई और वह पानी में समा गया।

बचाने गए दोस्त भी डूबे
अपने साथी को डूबता देख दो अन्य युवक उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन वे भी बर्फीले पानी में फंस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही भारतीय सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अत्यधिक ठंड, शून्य से नीचे तापमान और दुर्गम इलाके के बावजूद सेना के गोताखोरों ने दो युवकों को बाहर निकाला।
एक शव बरामद, एक की तलाश जारी
रेस्क्यू किए गए युवकों में से 26 वर्षीय दीनू की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक को समय रहते इलाज देकर होश में लाया गया। वहीं 24 वर्षीय महादेव अब भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



