
शराब की शिकायत बनी मौत की वजह, गुस्से में दोस्त ने कर दी हत्या
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां सिर्फ एक फोन कॉल 15 वर्षीय नाबालिग की जान ले बैठी। जन्मदिन की पार्टी के दौरान दोस्त के पिता को शराब पीने की शिकायत करना नाबालिग को इतना भारी पड़ा कि गुस्से में दोस्त ने उसे कार से टक्कर मारकर मौत के घाट उतार दिया।
जन्मदिन की पार्टी से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, रनई गांव निवासी 15 वर्षीय रितेश सिंह 4 जनवरी की रात अपने जन्मदिन पर दोस्तों के साथ बैकुंठपुर के झुमका डेम गया था। पार्टी के दौरान सभी दोस्तों ने शराब का सेवन किया। बाद में आरोपी विद्याचंद्र साहू ने पटना पहुंचकर फिर शराब खरीदी और पी।

एक कॉल और भड़क गया गुस्सा
इसी दौरान रितेश ने आरोपी का मोबाइल उठाकर उसके पिता को फोन कर दिया और बता दिया कि उनका बेटा शराब पी रहा है। यह बात आरोपी को नागवार गुज़री। दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद रितेश पैदल ही अपने घर की ओर निकल गया।
कार से कुचलने का आरोप
आरोप है कि कुछ ही देर बाद विद्याचंद्र साहू ने जानबूझकर वाहन को बाईं ओर मोड़ते हुए रितेश को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल रितेश को दोस्तों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चारों दोस्त अस्पताल में शव छोड़कर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ राजेश साहू ने दोस्तों से सघन पूछताछ की, जिसके बाद पूरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में एसटी-एससी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



