
कुम्हारी में महिला का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी
दुर्ग-मिलाई क्षेत्र के कुम्हारी थाना अंतर्गत ग्राम परसदा स्थित केवल्य धाम के पीछे एक खेत में अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव खेत में झाड़ियों के बीच पड़ा हुआ था, जिससे आसपास दुर्गंध फैल रही थी।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
खेत में शव पड़े होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने कुम्हारी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू की।
7 दिन से अधिक पुराना होने का अनुमान
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत महिला की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अनुमान लगाया है कि महिला की मौत करीब एक सप्ताह पहले हुई होगी। अधिक समय तक शव खुले में पड़े रहने के कारण वह सड़-गल चुका था।
हत्या की आशंका से इनकार नहीं
शव मिलने की स्थिति और स्थान को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है। हालांकि, फिलहाल मौत के सही कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। साथ ही, मृतका की शिनाख्त के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



