
दुर्ग पुलिस का ‘ऑपरेशन विश्वास’: कानून तोड़ने वालों पर कड़ा प्रहार
दुर्ग जिले में अड्डेबाजी, सार्वजनिक स्थलों पर शराबखोरी और उससे उत्पन्न कानून-व्यवस्था की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस दुर्ग ने ऑपरेशन विश्वास के तहत शुक्रवार 16 जनवरी 2026 की रात जिलेभर में एक साथ व्यापक और सघन विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना रहा।

सार्वजनिक स्थलों पर शराबखोरी के खिलाफ सख्ती
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने एवं अड्डेबाजी में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 94 आरोपियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की।

थाना-वार कार्रवाई का विवरण
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में थाना सुपेला से सर्वाधिक 21 आरोपी पकड़े गए। इसके अलावा मोहन नगर से 10, छावनी से 9, पुरानी भिलाई से 8, पाटन से 7, वैशाली नगर से 6 आरोपी गिरफ्तार किए गए।
वहीं कुम्हारी और खुर्सीपार से 5-5, जामुल और अमलेश्वर से 4-4, पुलगांव, दुर्ग और धमधा से 3-3 तथा नेवई, अण्डा, रानीतराई और जामगांव (एम) से 1-1 आरोपियों पर कार्रवाई की गई।

राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में चला अभियान
इस विशेष अभियान में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को शामिल किया गया था। पूरी कार्रवाई राजपत्रित अधिकारियों की सीधी और सतत निगरानी में संपन्न कराई गई, जिससे अभियान को प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सके।
दुर्ग पुलिस का सख्त संदेश
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी और जनशांति भंग करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरंतर और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



