
रायपुर में सरकारी कर्मचारी से 15.60 लाख की ठगी
रायपुर। राजधानी रायपुर में निवेश के नाम पर एक सरकारी कर्मचारी से 15 लाख 60 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को निवेश सलाहकार बताकर शेयर बाजार में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया और रकम लेकर फरार हो गया।
निवेश सलाहकार बनकर जीता भरोसा
पीड़ित अमित दास ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2021–22 के दौरान उसकी पहचान देवपुरी निवासी कुलदीप भतपहरी से हुई थी। कुलदीप खुद को निवेश सलाहकार बताता था और शेयर बाजार में पैसा लगाने पर अधिक मुनाफा और ब्याज देने का दावा करता था। उसकी बातों में आकर अमित दास और उसके भाई रोहित दास ने निवेश करने का फैसला किया।
7 किश्तों में लिए 15.60 लाख रुपये
आरोपी कुलदीप ने पीड़ितों से कुल 15 लाख 60 हजार रुपये सात अलग–अलग किश्तों में और अलग–अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए। शुरुआत में आरोपी ने कुछ समय तक मुनाफे के तौर पर रकम लौटाई, जिससे पीड़ितों का भरोसा और मजबूत हो गया।
पैसे लेकर मोबाइल बंद कर हुआ फरार
पैसे लेने के बाद आरोपी ने कुछ समय तक संपर्क में रहकर भुगतान किया, लेकिन वर्ष 2024 से अचानक मोबाइल बंद कर फरार हो गया। काफी समय तक संपर्क न होने पर पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पंडरी थाना में शिकायत दर्ज कराई।

30–40 लोगों से ठगी की जानकारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कुलदीप भतपहरी ने जिले के करीब 30 से 40 लोगों से इसी तरह निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की है। सभी मामलों में एक ही तरीका अपनाया गया—अधिक मुनाफे का लालच और शुरुआती भुगतान।
पंडरी पुलिस कर रही तलाश
पीड़ितों की शिकायत पर पंडरी थाना पुलिस ने 16 जनवरी को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना अधिकारियों के अनुसार निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



