
Raipur में गांजा तस्करों पर पुलिस का वार, तीन किलो गंजे के साथ Durg के दो युवक गिरफ्तार
रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दुर्ग जिले के दो युवकों को 3 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।
श्मशान घाट के पास बेचने की फिराक में थे आरोपी
दिनांक 15 जनवरी 2026 को थाना डी.डी. नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सरोना स्थित श्मशान घाट के पास नदी किनारे दो युवक गांजा लेकर बिक्री की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस द्वारा जब आरोपियों के पास रखे बैग की तलाशी ली गई तो उसमें गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने दुर्ग जिले का निवासी होना स्वीकार किया।

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
🔹 शुभांसु मिरचे (19 वर्ष), पिता दुर्गा प्रसाद मिरचे, निवासी ग्राम बाघडुमर, थाना नंदनी, जिला दुर्ग
🔹 यादवेन्द्र यादव उर्फ बिट्टु (19 वर्ष), पिता संजय यादव, निवासी पोटिया चौक कुन्दरापारा, थाना पदमनाभपुर, जिला दुर्ग
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 35/2026, धारा 20बी और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश में की गई। पुलिस का कहना है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



