
झारखंड ACB की छत्तीसगढ़ में बड़ी रेड, रायपुर-दुर्ग में शराब कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी
रायपुर। झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में ACB झारखंड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग में एक साथ छापेमारी की है। जांच एजेंसी की इस कार्रवाई से प्रदेश के शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

कहां-कहां हुई रेड
मिली जानकारी के अनुसार ACB की टीम ने रायपुर के अशोका रत्न इलाके में स्थित शराब कारोबारी सौरभ केड़िया के ठिकानों पर दबिश दी है। वहीं दुर्ग जिले में भी कई शराब कारोबारियों के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
झारखंड शराब घोटाले से जुड़ा नेटवर्क
बताया जा रहा है कि यह छापेमारी झारखंड शराब घोटाले से जुड़े नेटवर्क, अवैध सप्लाई और आर्थिक लेन-देन की जांच के तहत की जा रही है। इससे पहले झारखंड ACB/EOW ने केडिया डिस्टिलरी के मालिक नवीन केडिया को गोवा से गिरफ्तार किया था।
गोवा से गिरफ्तारी, रांची ले जाया गया
नवीन केडिया की गिरफ्तारी के बाद झारखंड ACB की टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर रांची ले गई है। आरोप है कि झारखंड में देशी शराब की सप्लाई के जरिए सरकार को करीब 136 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ।
प्रति कार्टन कमीशन का खेल
जांच में सामने आया है कि शराब सप्लाई के बदले प्रति कार्टन 300 से 600 रुपये तक कमीशन लिया जाता था। इस नेटवर्क में कई अधिकारियों और कारोबारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

अग्रिम जमानत खारिज, फिर गिरफ्तारी
नवीन केडिया ने पूछताछ से बचने के लिए ACB कोर्ट में अग्रिम जमानत की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी। इसके बाद वह फरार चल रहा था, जिसे अंततः गोवा से गिरफ्तार किया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



