
महासमुंद : 150 किलो गांजा जब्त, तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना बसना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 150 किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में गांजा तस्करी में संलिप्त तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

संयुक्त कार्रवाई में बड़ी जब्ती
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने और एंड-टू-एंड व फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के तहत यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 150 किलो 750 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त दो क्रेटा कार और तीन टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
जब्त सामग्री की कुल कीमत 95 लाख से अधिक
पुलिस द्वारा जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 95 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है। इसमें गांजा की कीमत 75 लाख रुपये, दो क्रेटा कार की कीमत लगभग 20 लाख रुपये और तीन मोबाइल फोन की कीमत 15 हजार रुपये शामिल है।
एक माह में 860 किलो गांजा जब्त
पुलिस ने बताया कि विगत एक माह के भीतर जिले में अब तक कुल 860 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 30 लाख रुपये है। यह कार्रवाई मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।
नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज
पुलिस ने बताया कि आरोपियों का कृत्य नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(ख) के अंतर्गत अपराध पाया गया है। इस संबंध में थाना बसना में अपराध क्रमांक 32/2026 दर्ज कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। मामले की विवेचना जारी है और आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार आरोपियों में तन्मय मिश्रा उर्फ लिपुन (29 वर्ष), प्रमोद कल्ता उर्फ सिकन (25 वर्ष) और दीनबंधु मिश्रा (39 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी ओडिशा के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं और अंतर्राज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी में संलिप्त थे।
खबर और विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें।
8839303956, 7610220104
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



