
Raipur : मछली पकड़ने निकले तीन ग्रामीणों की दर्दनाक मौत, 6 साल का मासूम भी शामिल
रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-53 पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मछली पकड़ने निकले तीन ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक 6 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने बाइक सवारों को कुचल दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आरंग के बागेश्वर पारा निवासी श्रवण जलक्षत्री (40), मंगलू जलक्षत्री (28) और तिलक जलक्षत्री (6) के रूप में हुई है। तीनों बाइक से महानदी की ओर मछली पकड़ने के लिए निकले थे।
निसदा मोड़ पर हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निसदा मोड़ के पास मोटरसाइकिल रांग साइड से पुल की ओर जा रही थी। इसी दौरान महासमुंद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार हाईवा के पहियों के नीचे आ गए।
मौके पर ही गई जान, शव क्षत-विक्षत
हादसे के बाद तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर की तीव्रता के कारण शव सड़क पर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। दृश्य इतना भयावह था कि राहगीर भी सन्न रह गए।

आरोपी चालक मौके से फरार
हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, हाईवे कराया खाली
राहगीरों की सूचना पर आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाया और सड़क पर बिखरे शवों के अवशेष इकट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चुरी भेजा।
हाईवा जब्त, चालक की तलाश जारी
पुलिस ने हादसे में शामिल हाईवा वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



