
अंबिकापुर में युवती का अपहरण, मनेंद्रगढ़ में चार आरोपी गिरफ्तार
सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में गुरुवार रात एक युवती के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। दुकान से काम खत्म कर पैदल घर लौट रही युवती को कार सवार चार युवकों ने सुनसान रास्ते में रोककर जबरन कार में खींच लिया और फरार हो गए।

फर्नीचर शोरूम में करती है काम
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता कोरिया जिले की रहने वाली है और अंबिकापुर के गांधीनगर क्षेत्र में रहकर एक फर्नीचर शोरूम में काम करती है। गुरुवार (15 जनवरी) की रात शोरूम बंद होने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रही थी।
चीख-पुकार सुनकर लोगों ने दी पुलिस को सूचना
घर पहुंचने से पहले सुनसान इलाके में पीछे से पहुंचे कार सवार युवकों ने युवती के पास कार रोकी। एक युवक नीचे उतरा और युवती को जबरन कार में खींच लिया। इस दौरान युवती ने जोर-जोर से शोर मचाया। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी युवक कार लेकर फरार हो चुके थे। लोगों ने तुरंत डायल 112 पर घटना की सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की घेराबंदी, सभी थानों को किया अलर्ट
युवती के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर सभी थानों को अलर्ट किया। कार सवार आरोपी युवती को लेकर नेशनल हाईवे-43 से मनेंद्रगढ़ की ओर भाग निकले।
CCTV फुटेज से मिला सुराग
सरगुजा पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध कार के नेशनल हाईवे-43 से मनेंद्रगढ़ की ओर जाते हुए दिखाई देने पर इसकी सूचना मनेंद्रगढ़ पुलिस को दी गई।

मनेंद्रगढ़ पुलिस ने कार सहित युवती को किया बरामद
सूचना मिलते ही मनेंद्रगढ़ पुलिस सक्रिय हो गई और घेराबंदी कर कार सवार चार युवकों को हिरासत में ले लिया। कार से अपहृत युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद अंबिकापुर पुलिस मनेंद्रगढ़ पहुंची और आरोपियों व युवती को लेकर वापस अंबिकापुर आई।
मध्यप्रदेश के राजगढ़ के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों युवक मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। युवती को क्यों और किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, इस संबंध में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



