
Durg : भिलाई में जैतखाम को नुकसान पहुंचाने का मामला, सतनामी समाज में आक्रोश
जय स्तंभ जैतखाम परिसर में उत्पात का आरोप
दुर्ग जिले के भिलाई-3 क्षेत्र में जैतखाम को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भिलाई-3 स्थित गुरु घासीदास नगर, वार्ड क्रमांक 7 के सार्वजनिक जय स्तंभ जैतखाम परिसर में नगर के ही रहने वाले एक व्यक्ति ने घुसकर जमकर उत्पात मचाया।
आरती के दौरान की गई तोड़फोड़
सतनामी समाज के अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद कोसले ने बताया कि 10 जनवरी की सुबह करीब 7:30 बजे अजय जंगम अपनी मां के साथ जैतखाम परिसर पहुंचा था। उस समय रोजाना की तरह सामूहिक आरती चल रही थी। इसी दौरान आरोपी ने गेट पर लात मारी और वहां मौजूद लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया।

लोहे के रॉड से धमकाने का आरोप
आरोप है कि अजय जंगम ने हाथ में लोहे का रॉड लेकर समाज के लोगों को धमकाया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद समाज के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बन गया।
साजिश की आशंका जताई
सतनामी समाज के अध्यक्ष ने इस घटना को समाज की आस्था को ठेस पहुंचाने वाली बताते हुए इसे एक बड़ी साजिश करार दिया है। उन्होंने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



