
मड़ई मेले में खूनी बवाल: मामूली कहासुनी ने छीनी युवक की जान, आरोपी फरार
रायपुर। राजधानी रायपुर से सटे अभनपुर क्षेत्र में आयोजित मड़ई मेले के दौरान गुरुवार शाम एक मामूली विवाद ने खूनी हिंसा का रूप ले लिया। गाड़ी को साइड में लगाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि चाकूबाजी और वाहन से कुचलने की सनसनीखेज घटना हो गई। इस वारदात में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कैसे भड़की हिंसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेला परिसर में इनोवा कार में सवार चार लोगों और बाइक पर सवार तीन युवकों के बीच वाहन साइड में लगाने को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने पहले चाकू से हमला किया, जिससे कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चाकूबाजी से बौखलाए इनोवा सवार युवकों ने गुस्से में बाइक सवारों पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
एक आरोपी फरार
मृतक की पहचान कैलाश (निवासी अभनपुर) के रूप में की गई है। इस घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जबकि तीसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अभनपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।

खंगाले जा रहे CCTV
सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। मेला परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला आपसी विवाद और सड़क पर हुई कहासुनी से जुड़ा है, जो हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घायलों के नाम
1. दिलेश मांडवी पिता लव कुमार मांडवी उम्र 25 वर्ष वार्ड नंबर 62 टिकरापारा रायपुर
2. ,दुर्गेश साहू पिता गोवर्धन साहू 29 वर्ष निवासी न्यू सुभाष नगर टिकरापारा,
3.निलेश सेन पिता ईश्वर सेन उम्र 26 वर्ष न्यू सुभाष नगर टिकरापारा
4. मनीष साहू पिता राजू राम साहू 28 वर्ष निवासी न्यू सुभाष नगर टिकरापारा वार्ड नंबर 62 रायपुर
5. रिंकू साहू पिता भूपेंद्र साहू उम्र 22 वर्ष निवासी केंद्री
6. चंद्रशेखर साहू पिता शत्रुघन साहू उम्र 28 वर्ष निवासी केंद्री
स्कूटी सवार
1. हेमंत साहू पिता गोपेश साहू उम्र 25 वर्ष निवासी कुरूद धमतरी हाल ऊपरपारा अभनपुर
2. कैलाश तिवारी पिता भुनेश्वर प्रसाद तिवारी उम्र 27 वार्ड न 06 अभनपुर (मृतक)
3. अजय गोंड उम्र 20 वर्ष निवासी मित्तापारा अभनपुर, जो घटना समय से फरार है जिसकी पतातलाश की जा रही है ।
मेला क्षेत्र में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद मड़ई मेला क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



