
सड़क हादसों पर Durg Police का एक्शन: ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण, सिग्नल-स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश
दुर्ग। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस ने सख्त पहल शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने थाना नंदिनी नगर क्षेत्र के रोड एक्सीडेंट ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के एसडीओ नीलू पिस्दा, पीडब्ल्यूडी इंजीनियर मनीष तिवारी और थाना प्रभारी नंदनी अहिरवारा मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद दुर्घटनाजनक स्थलों पर रोड सिग्नल, स्पीड ब्रेकर, स्टॉप लाइन और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचेंगे अफसर
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दुर्ग पुलिस ने जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशानुसार किसी भी सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस नियंत्रण कक्ष वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराएगा और संबंधित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर/ग्रामीण/यातायात), एसडीओपी और थाना प्रभारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

घायलों को अस्पताल, परिजनों को तुरंत सूचना
दुर्घटना स्थल पर घायलों को प्राथमिकता के आधार पर नजदीकी अस्पताल पहुंचाना, मृतक या घायल के परिजनों को तत्काल सूचना देना, अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करना और कानून व्यवस्था बनाए रखना थाना प्रभारी की प्रमुख जिम्मेदारी तय की गई है। इसके साथ ही दुर्घटनाकारित वाहन और चालक को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
जाम की स्थिति में तुरंत डायवर्जन
यदि दुर्घटना के कारण सड़क मार्ग अवरुद्ध होता है या चक्का जाम जैसी स्थिति बनती है, तो यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस द्वारा तुरंत वैकल्पिक मार्ग तय कर यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर कार्यपालिक दंडाधिकारी से समन्वय कर स्थिति को नियंत्रित किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



