
सरगुजा में सनसनीखेज अपहरण: 5 करोड़ की फिरौती मांगी, एक आरोपी गिरफ्तार
जमीन दिखाने के बहाने युवक का अपहरण
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक सनसनीखेज अपहरण की घटना सामने आई है। 25 जून को लक्ष्मीपुर क्षेत्र में एक युवक को जमीन दिखाने के बहाने बुलाकर अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने कट्टे की नोक पर युवक के हाथ-पैर बांधकर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। गांधीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बचा लिया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कट्टे के दम पर की गई वारदात
जानकारी के अनुसार, गांधीनगर थाना क्षेत्र में शंकर रवि नामक युवक को आरोपी ने जमीन दिलाने का लालच देकर बुलाया। वहां पहुंचते ही अपहरणकर्ताओं ने कट्टा दिखाकर उसका अपहरण कर लिया और उसके हाथ-पैर बांध दिए।

इसके बाद उसे कार में कुछ दूरी पर ले जाया गया, जहां 4-5 अन्य अपराधी भी शामिल हो गए। उन्होंने पहले 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी, फिर 10 लाख रुपये नकद, 50-50 लाख के 10 चेक और कोरे स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर करवाने की बात कही।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के जरिए अपहरणकर्ताओं का पता लगाया। पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपी बहादुर जायसवाल को धर दबोचा, जबकि अन्य अपराधी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शंकर रवि को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से सुरक्षित छुड़ा लिया। फिलहाल, पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



