
मंडई मेले में हुए हत्या का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी सलाखों के पीछे
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के ग्राम पिपलाकछार में आयोजित पारंपरिक मंडई मेले के दौरान हुआ मामूली विवाद एक युवक की जान ले बैठा। झूले में कूदने को लेकर शुरू हुई कहासुनी में बीच-बचाव करने आए 26 वर्षीय युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
कैसे हुआ विवाद?
पुलिस के अनुसार, 13 जनवरी 2026 की शाम ग्राम पिपलाकछार के बाजार चौक में मंडई मेला चल रहा था। इसी दौरान झूले में कूदने को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया। हालात बिगड़ते देख मोरध्वज पटेल (26) बीच-बचाव के लिए आगे आया, लेकिन यही उसकी जान पर भारी पड़ गया।

धारदार हथियार से हमला
बीच-बचाव के दौरान आरोपी हेमचंद उर्फ हर्षू निषाद ने गुस्से में आकर मोरध्वज पटेल पर धारदार चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोरध्वज को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ और फिर मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
नाबालिग की भी भूमिका आई सामने
जांच में यह भी सामने आया कि घटना के दौरान एक विधि से संघर्षरत बालक की मृतक से कहासुनी हुई थी। भीड़ का फायदा उठाकर बालक ने भी मृतक के पेट पर चाकू से वार किया था। पुलिस ने बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया है।
24 घंटे में खुलासा
पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 14 जनवरी 2026 को मुख्य आरोपी हेमचंद उर्फ हर्षू निषाद (निवासी अमलीडीह खुर्द) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



