
प्रधानमंत्री आवास योजना में घोटाला: पार्षद ने आदिवासी की जमीन हड़पकर पत्नी के नाम कराया आवास
कवर्धा में भ्रष्टाचार का मामला
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले की पांडातराई नगर पंचायत फिर से विवादों में घिरी है। वार्ड नंबर 10 के कांग्रेस पार्षद प्रदीप जायसवाल पर प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करने का गंभीर आरोप लगा है। उन पर एक आदिवासी परिवार की जमीन हड़पने और उस पर अपनी पत्नी सरिता जायसवाल के नाम पर आवास बनवाने का इल्जाम है।
आदिवासी परिवार की जमीन पर कब्जा
स्थानीय निवासियों सागर कोरी, पुष्पेंद्र पटेल, जसबीर सलूजा और अन्य ने इस मामले को उजागर करते हुए कलेक्टर गोपाल वर्मा को शिकायती ज्ञापन सौंपा है। उनके अनुसार, पार्षद ने वार्ड 4 के एक गरीब आदिवासी परिवार की कृषि भूमि (खसरा नंबर 400/1, रकबा 0.03 हेक्टेयर), जो चंदूलाल और सुंदरबाई के नाम पर दर्ज है, को फर्जी बिक्री के नाम पर हथिया लिया। इस जमीन पर प्रधानमंत्री आवास का निर्माण पार्षद की पत्नी के नाम पर कराया गया, जिससे असली हितग्राही अपने हक से वंचित रह गया।
पद का दुरुपयोग और सरकारी निधि की बर्बादी
आरोप है कि पार्षद ने अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग कर इस योजना में हेराफेरी की, जिससे सरकारी खजाने को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। शिकायतकर्ताओं ने यह भी दावा किया कि इस आवास का उपयोग शराब और चखना सेंटर के रूप में हो रहा है, जो योजना की मंशा और गरिमा को ठेस पहुंचाता है।
कलेक्टर से सख्त कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ताओं ने कलेक्टर से इस मामले की गहन जांच और पार्षद के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है। यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मामला नगर पंचायत की साख को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



