
राजिम में घरेलू हिंसा का मामला, मंत्री का PSO बताकर पति ने दी धमकी, महिला बेहोश
राजिम। गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब भेंडरी गांव की एक महिला को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया। पीड़िता ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए मारपीट और लगातार धमकाने की शिकायत दर्ज कराई है। मामले में फिंगेश्वर पुलिस जांच में जुट गई है।
विवाद के बाद की गई मारपीट
पीड़ित महिला भूमिका सेन ने बताया कि उसके पति भागवत सेन का किसी अन्य महिला से बातचीत को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद पति ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट के चलते उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।

डायल 112 से पहुंची अस्पताल
घटना के बाद डायल 112 पुलिस वाहन की मदद से महिला को फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। अस्पताल में महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।
PSO बताकर बनाता रहा दबाव
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति खुद को मंत्री खुशवंत साहेब का PSO बताकर उसे डराता और धमकाता रहा। इसी दबाव और भय के कारण वह लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलती रही।
पुलिस जांच में जुटी
फिंगेश्वर पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



