
तेज रफ्तार ट्रेलर ने मां-बेटे को कुचला, दोनों की मौके पर मौत
बिलासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार ने एक परिवार को तहस-नहस कर दिया। सीपत थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में मां और बेटे की जान चली गई।

यह हादसा ग्राम पंधी चारपारा के समीप हुआ, जहां एक अज्ञात ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सौंप दिया।
शादी समारोह से लौटते समय हादसा
जानकारी के अनुसार, जांजी गांव निवासी 28 वर्षीय हरीश सिंह अपनी मां शकुन सिंह के साथ बिलासपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे।

रात करीब 9 बजे, जब वे मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे, तभी पंधी चारपारा के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस, तहसीलदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) और सीएसपी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीपत के मर्चूरी में भेजा गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। सीपत थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



