
Durg: तेज रफ्तार हाईवा ने ली युवक की जान, दो दिन बाद दर्ज हुआ मामला
दुर्ग। जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे भारी वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगपुरा चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना 10 जनवरी की शाम करीब साढ़े 5 बजे की बताई जा रही है। हादसा पुलगांव चौकी क्षेत्र अंतर्गत हुआ, जहां हाईवा ट्रक की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की जान चली गई।

झांकी देखकर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान ग्राम नारधा निवासी उत्तम ढीमर (26 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि उत्तम अपने दोस्तों के साथ जस गीत झांकी देखने नगपुरा आया था। शाम करीब 5.35 बजे झांकी देखने के बाद वह अपने घर लौटने के लिए अपनी बाइक (क्रमांक CG 07 CL 8423) को नगपुरा चौक में मोड़ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे हाईवा ट्रक (क्रमांक CG 07 BU 7586) के चालक ने तेज और खतरनाक ढंग से वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
सिर और गर्दन में आई गंभीर चोट
हादसे में उत्तम को सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और उसके साथ आए दोस्तों ने घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो दिन बाद दर्ज हुआ मामला
घटना के दो दिन बाद हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वाहन चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



