
देवेन्द्र नगर में कार का शीशा तोड़कर 10 लाख की नकदी चोरी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
रायपुर। राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर इलाके में दिनदहाड़े कार से 10 लाख रुपये नकद चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात 4–5 उठाईगीरों ने कार का शीशा तोड़कर भीतर रखा नकदी से भरा बैग, लैपटॉप और हार्ड डिस्क पार कर दी। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
अपोलो डायनास्टिक सेंटर के पास हुई वारदात
यह घटना सोमवार शाम देवेन्द्र नगर चौक के पास अपोलो डायनास्टिक सेंटर के समीप हुई। स्वर्ण भूमि निवासी प्रवेश अग्रवाल ने देर रात देवेन्द्र नगर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उनकी कार खड़ी थी, तभी अज्ञात युवकों ने शीशा तोड़कर भीतर सीट पर रखा 10 लाख रुपये नगद से भरा बैग निकाल लिया।

लैपटॉप और हार्ड डिस्क भी ले उड़े आरोपी
चोरों ने नकदी के साथ-साथ लैपटॉप और हार्ड डिस्क भी चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 11 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। वारदात को बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया गया, जिससे अंदेशा है कि आरोपी पहले से रेकी कर रहे थे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही संदिग्धों को पकड़ लिया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



