
Durg : ड्रिंक एंड ड्राइव पर पुलिस का डंडा, नशे में बस-भारी वाहन चलाते पकड़े गए 3 चालक
दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने ऑपरेशन सुरक्षा के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। दिनांक 12 जनवरी 2026 को जिलेभर में चलाए गए विशेष ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान के दौरान नशे में वाहन चला रहे तीन चालकों को रंगे हाथ पकड़ा गया, जिनके वाहन जब्त कर प्रकरण न्यायालय में पेश किए गए हैं।

उतई सहित कई इलाकों में सघन चेकिंग
यातायात पुलिस द्वारा उतई थाना क्षेत्र समेत विभिन्न चेकिंग पॉइंट्स पर वाहन चालकों की सघन जांच की गई। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण कर शराब के नशे में वाहन चलाने वालों को चिन्हित किया गया।
सीएसईबी कार्य में लगी गाड़ी का चालक भी नशे में
चेकिंग के दौरान वाहन क्रमांक CG07 CD 9008 (सीएसईबी कार्य में संलग्न) को रोका गया। चालक निहार सिंह यादव (30 वर्ष), निवासी सोनपुर पाटन की ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब सेवन की पुष्टि हुई। उतई क्षेत्र में नियमित चेकिंग के दौरान भारी वाहन क्रमांक CG07 AZ 9825 को रोका गया। वाहन चालक राकेश गुप्ता (28 वर्ष), निवासी पाथरिया, दुर्ग शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया।
सीमेंट फैक्ट्री की स्टाफ बस का चालक भी पकड़ा गया
इसी क्रम में जे.के. लक्ष्मी सीमेंट फैक्ट्री नंदनी-अहिवारा की स्टाफ बस क्रमांक CG07 CT 0147 को मुरगा चौक में रोका गया। जांच में बस चालक अमित सिंह (35 वर्ष) द्वारा शराब सेवन कर बस चलाना पाया गया, जो कर्मचारियों की सुरक्षा से सीधा खिलवाड़ माना जा रहा है।

कड़ी धाराओं में कार्रवाई, वाहन जब्त
यातायात पुलिस ने तीनों मामलों में वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों के विरुद्ध
- धारा 185 – शराब पीकर वाहन चलाना
- धारा 184 – खतरनाक ढंग से वाहन चलाना
- धारा 188 – शासकीय आदेशों का उल्लंघन
के तहत कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



