
अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 60 लीटर महुआ शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने करारा प्रहार किया है। थाना सिंघोडा पुलिस ने ग्राम गुठानीपाली के जंगल में दबिश देकर हाथ भट्ठी से बनाई जा रही देशी महुआ शराब का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 60 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर जंगल में छापा
पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश और एसडीओपी सरायपाली के मार्गदर्शन में सिंघोडा पुलिस को 10 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुठानीपाली के जंगल में एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब तैयार कर बिक्री की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।

हाथ भट्ठी से बन रही थी शराब
मौके पर एक व्यक्ति हाथ भट्ठी से महुआ शराब बनाते हुए मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम रंजीत दास पिता ब्रम्हा दास (उम्र 30 वर्ष), निवासी गुठानीपाली, थाना सिंघोडा, जिला महासमुंद बताया।
60 लीटर महुआ शराब जब्त
आरोपी के कब्जे से 3 सफेद प्लास्टिक जरकिन में भरी 20-20 लीटर, कुल 60 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब (कीमत करीब ₹12,000) जब्त की गई। जप्तशुदा शराब को मौके पर ही सीलबंद कर पुलिस कब्जे में लिया गया। पुलिस ने आरोपी को 10 जनवरी 2026 को शाम 5:10 बजे विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



