
दुर्ग: ऑपरेशन विश्वास के तहत बघेरा स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को सायबर फ्रॉड और नशे के खिलाफ किया गया जागरूक
दुर्ग, 27 जून 2025: दुर्ग जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन विश्वास के तहत महिला रक्षा टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और पूर्व माध्यमिक शाला, बघेरा में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और गणमान्य नागरिकों को नशे के दुष्प्रभाव, सायबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्टिंग और महिला संबंधी अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती पद्मश्री तंवर (आई.यू.सी.ए.डब्ल्यू.) ने उपस्थित लोगों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला संबंधी अपराध, पास्को एक्ट, नशे की समस्याओं और नशा मुक्ति के उपायों के बारे में बताया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को इमरजेंसी नंबर जैसे 112, 9479192099 और सायबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। साथ ही, निजी जानकारी को अनजान व्यक्तियों से साझा न करने और सोशल मीडिया के सेफ्टी फीचर्स का उपयोग करने की सलाह दी गई।

उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती ममता अली शर्मा ने छात्र-छात्राओं को जीवन में आने वाली समस्याओं को माता-पिता और शिक्षकों के साथ साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने जीवन में आगे बढ़ने और चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया।
सहायक उपनिरीक्षक श्रीमती संगीता मिश्रा ने अभिव्यक्ति ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों को इस ऐप को डाउनलोड करने में सहायता प्रदान की। इस ऐप के माध्यम से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम में शाला समिति के अध्यक्ष, सदस्य, जनप्रतिनिधि, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉ. यामिनी और महिला रक्षा टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे। इस जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दुर्ग पुलिस का यह प्रयास नशे के खिलाफ जागरूकता, सायबर सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



