
Korba: शराब दुकान के बाहर जेबकतरी गैंग का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार और तीन साथी फरार
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शराब दुकान के बाहर जेबकतरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। TP नगर स्थित शराब दुकान में भीड़ का फायदा उठाकर पॉकेटमारी कर रहे युवक को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी की गुस्साई भीड़ ने पहले जमकर पिटाई की, फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
भीड़ में घुसकर उड़ाते थे जेब
जानकारी के मुताबिक, शराब दुकान पर जैसे ही भीड़ बढ़ी, गिरोह के सदस्य सक्रिय हो गए। वे शराब खरीदने पहुंचे लोगों के बीच घुसकर पैसे और कीमती सामान चुराने लगे। इसी दौरान एक युवक को जेब काटते हुए लोगों ने देख लिया और मौके पर ही पकड़ लिया।
एक गिरफ्तार, तीन फरार
पकड़े गए युवक ने पूछताछ में कबूल किया कि यह गिरोह लंबे समय से भीड़भाड़ वाली जगहों को निशाना बना रहा था। शराब दुकान, मेले और सार्वजनिक स्थान इनके टारगेट रहते थे। घटना के दौरान गिरोह का एक सदस्य पकड़ा गया, जबकि तीन अन्य साथी फरार हो गए।

बैंड पार्टी में करता है काम
गिरफ्तार युवक ने अपना नाम अजय कुमार, निवासी सीतामढ़ी, शनि मंदिर के पास बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह बैंड पार्टी में काम करता है और दोस्तों के साथ कोरबा आया था। वारदात के बाद उसके साथी मौके से भाग निकले।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जिन लोगों के साथ पॉकेटमारी हुई थी, उन्हें भी चौकी बुलाया गया है। चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और फरार साथियों की तलाश तेज कर दी गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



