
Bilaspur: ब्लूटूथ से पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल करते युवक पकड़ाया, CBE परीक्षा में हाईटेक खेल उजागर
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल (लिपिकीय) भर्ती परीक्षा के दौरान जैमर लगे होने के बावजूद ब्लूटूथ डिवाइस से नकल कर रहे युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
जैमर के बीच ब्लूटूथ से नकल
मामला 9 जनवरी 2026 का है। सीपत थाना क्षेत्र के फरहदा स्थित जीटीबी कॉलेज में एसएससी द्वारा आयोजित दिल्ली पुलिस 2025 CBE परीक्षा चल रही थी। शाम की पाली (4:30 से 6:30 बजे) में राजस्थान के दौसा जिले के सेकंड बसवा निवासी मोहित मीना (25 वर्ष) परीक्षा दे रहा था। परीक्षा शुरू होते ही उसने शरीर में छिपाकर रखे ब्लूटूथ डिवाइस को एक्टिव करने की कोशिश की, लेकिन उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर परीक्षा कक्ष में मौजूद ऑब्जर्वर की नजर पड़ गई।

कंधे के नीचे टेप से चिपकाया था डिवाइस
जांच के दौरान युवक को बाहर ले जाकर जब उसकी टोपी, जैकेट और शर्ट उतरवाकर तलाशी ली गई, तो कंधे के नीचे टेप से चिपकाया गया इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुआ। कॉलेज मैनेजर विजय कुमार लहरे ने तत्काल सीपत पुलिस को सूचना दी।
बाहर बैठा था साथी, देता था जवाब
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी का एक साथी कॉलेज के बाहर लैपटॉप या टैबलेट लेकर बैठा हुआ था। जैसे ही मोहित बटन दबाता, बाहर बैठे व्यक्ति की डिवाइस में सिग्नल जाता और वह मोबाइल के जरिए सवालों के जवाब बताता था। हालांकि, मोहित के पकड़े जाने के बाद उसका सहयोगी मौके से फरार हो गया। सीपत पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 6, 112, 2, 318, 4, 61, 2 के तहत मामला दर्ज कर मोहित मीना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



