
Raipur: बेबी लोन परिसर के गोदाम से 20 लाख की दवा चोरी
डुप्लीकेट चाबी से वारदात, पुराने कर्मचारी ने दिया अंजाम; CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित बेबी लोन कैपिटल परिसर में बने एक दवा गोदाम से करीब 20 लाख रुपये की दवाइयों की चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने डुप्लीकेट चाबी का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया। जांच में खुलासा हुआ है कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि गोदाम के पुराने कर्मचारी ने ही की है।
आयुर्वेदिक कंपनी के गोदाम को बनाया निशाना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह गोदाम ‘च्यवन आयुर्वेदा हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड’ का है, जहां बड़ी मात्रा में कीमती आयुर्वेदिक दवाइयां रखी गई थीं। गोदाम प्रबंधन को जब स्टॉक में भारी कमी का पता चला, तब मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

CCTV फुटेज से हुआ खुलासा
तेलीबांधा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और गोदाम में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दवाइयों को बाहर ले जाते हुए दिखाई दिया। जांच के दौरान उसकी पहचान गोदाम के एक पूर्व कर्मचारी के रूप में हुई, जिसे गोदाम की व्यवस्था और चाबियों की पूरी जानकारी थी।
डुप्लीकेट चाबी से की चोरी
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले से ही गोदाम की डुप्लीकेट चाबी बनवा रखी थी। इसी चाबी का उपयोग कर वह आसानी से गोदाम में दाखिल हुआ और दवाइयों की चोरी कर फरार हो गया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही चोरी गई दवाइयों की बरामदगी के लिए अलग-अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



