
Om Hospital में 11.41 लाख की हेराफेरी! कैशियर पर अमानत में खयानत का आरोप, FIR दर्ज
रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित ओम हॉस्पिटल में लाखों रुपये की वित्तीय गड़बड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल प्रबंधन ने अपने ही कैशियर पर 11 लाख 41 हजार रुपये की अमानत में खयानत करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैशियर पर भरोसा, वही निकला गबनकर्ता
ओम हॉस्पिटल के पार्टनर विनोद कुमार अग्रवाल द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी ओम प्रकाश गिर पिछले ढाई साल से अस्पताल में कैशियर के पद पर कार्यरत था। उसकी जिम्मेदारी मरीजों की बिलिंग करना और नगद व ऑनलाइन भुगतान लेना थी।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी मरीजों से मिली ऑनलाइन रकम पहले अपने निजी बैंक खाते में मंगवाता था और बाद में अस्पताल के खाते में जमा करता था। इसी दौरान उसने लाखों रुपये की राशि अस्पताल के खाते में जमा नहीं की।
रसीद गायब, बैंक स्टेटमेंट से खुला राज
करीब 4-5 दिन पहले जब अस्पताल प्रबंधन ने बिलिंग और जमा रसीदों का मिलान किया, तो कई रसीदें गायब पाई गईं। पूछताछ में कैशियर ने गोलमोल जवाब दिए। इसके बाद उसकी सहायक काव्या वर्मा के बैंक खाते की जांच की गई, जिसमें 11.41 लाख रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आए।

काव्या वर्मा ने बताया कि 09 अप्रैल 2025 से 10 जनवरी 2026 के बीच आरोपी के कहने पर वह अपने खाते में आई बिलिंग राशि को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करती रही, जिनमें आरोपी का HDFC खाता, बैंक ऑफ बड़ौदा से लिंक मोबाइल नंबर और अन्य परिचितों के खाते शामिल हैं।
निजी उपयोग में ली गई मरीजों की रकम
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बिना रसीद काटे मरीजों की बिलिंग राशि पहले काव्या वर्मा के खाते में डलवाई और फिर उसे अपने व परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर निजी उपयोग में लिया। यह कृत्य स्पष्ट रूप से अमानत में खयानत की श्रेणी में आता है।
पुलिस जांच में जुटी, और नाम आ सकते हैं सामने
डीडी नगर थाना पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर बैंक खातों, ट्रांजेक्शन डिटेल्स और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



